रायगढ़ में कल से सजेगा खिलाड़ियों का महाकुंभ, छठवीं सब जूनियर ईस्ट जोनल नेशनल रोल बॉल चैम्पियनशिप 2026 का होगा भव्य आगाज…12 राज्यों के लगभग 300 खिलाड़ी दिखाएंगे अपना दमखम, रायगढ़ स्टेडियम में दो दिनों तक गूंजेगी रोल बॉल की धूम

रायगढ़। खेल नगरी रायगढ़ में 3 एवं 4 अक्टूबर 2026 को खेल उत्सव का भव्य आयोजन होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ रोल बॉल एसोसिएशन एवं रोल बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में छठवीं सब जूनियर (U-14) ईस्ट जोनल नेशनल रोल बॉल चैम्पियनशिप 2026 का आयोजन रायगढ़ स्टेडियम, बोईरदादर रोड में किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पूर्वी भारत के 12 राज्यों के लगभग 300 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा, कौशल और दमखम का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजन को लेकर खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों का रायगढ़ पहुंचना शुरू हो गया है। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं अग्रोहा धाम में की गई हैं। प्रतियोगिता के मैच रायगढ़ स्टेडियम के बास्केटबॉल ग्राउंड में आयोजित होंगे।
इस आयोजन को सफल बनाने में छत्तीसगढ़ रोल बॉल एसोसिएशन एवं स्थानीय खेल प्रेमियों का विशेष योगदान है। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी का भी खिलाड़ियों एवं खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ रोल बॉल एसोसिएशन के सचिव आबिद साबरी ने बताया कि रोल बॉल एक रोमांचक खेल है, जिसमें हैंडबॉल और बास्केटबॉल के तत्वों का समावेश होता है। इस खेल में स्केट्स पहनकर गेंद के माध्यम से मुकाबला किया जाता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 में रायगढ़ के बाल मंदिर में रोल बॉल खेल की शुरुआत कराई गई थी। आज यह खेल जिले में अपनी अलग पहचान बना चुका है।
उन्होंने आगे बताया कि रायगढ़ के खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। रायगढ़ के मिनी स्टेडियम में रोल बॉल के लिए अलग इंडिविजुअल ग्राउंड विकसित करने का प्रयास भी जारी है। ईस्ट जोन प्रतियोगिता से चयनित चार टीमें आगे राष्ट्रीय एवं फेडरेशन स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगी।
आयोजकों ने बताया कि इस चैम्पियनशिप का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को बढ़ावा देना है। साथ ही रायगढ़ को राष्ट्रीय खेल आयोजनों के मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाना भी इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
पत्रकारवार्ता के दौरान बजरंग अग्रवाल, मुकेश मित्तल, विक्रम अग्रवाल, मनोज अग्रवाल एवं चन्द्रेश्वर साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
आयोजक मंडल ने समस्त खेल प्रेमियों, नागरिकों एवं शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रायगढ़ स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस खेल महाकुंभ को सफल बनाएं।

